RCB vs CSK Thriller: Records Shattered as Kohli & Dhoni Make History!
आईपीएल 2025 में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को दो रन से हरा दिया। यह आरसीबी की 11 मैचों में आठवीं जीत रही। इस जीत के साथ बेंगलुरु टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 213 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 211 रन ही बना सकी। विराट कोहली ने 33 गेंद में 62 रन की पारी खेली। यह आईपीएल में कोहली का 62वां अर्धशतक रहा। साथ ही उन्होंने इस सीजन 500 रन भी पूरे कर लिए। वह इस लीग के 18 सत्र के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 500 का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज बन गए। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी क्रिस गेल और रोहित शर्मा के खास क्लब में शामिल हो गए।
आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 500+ रन का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज
खिलाड़ी |
500+ रन वाले सीजन की संख्या |
विराट कोहली |
8* |
डेविड वॉर्नर |
7 |
केएल राहुल |
6 |
शिखर धवन |
5 |
कोहली के इस सीजन 500 रन पूरे
कोहली ने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाए। वह इस सीजन अब तक 11 पारियों में 63.12 की औसत और 143.47 के स्ट्राइक रेट से 505 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 44 चौके और 18 छक्के लगाए हैं। यह आठवीं बार है जब कोहली ने एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। 'किंग कोहली' इससे पहले वह साल 2011 में, 2013 में, 2015 में, 2016 में, 2018 में, 2023 में और 2024 में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इसके बाद डेविड वॉर्नर का नंबर आता है। वॉर्नर ने सात बार इस लीग में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके बाद छह बार के साथ केएल राहुल और पांच बार के साथ शिखर धवन हैं।
धोनी ने आरसीबी के खिलाफ 50 छक्के किए पूरे
भले ही सीएसके की टीम हार गई हो और धोनी आठ गेंद में 12 रन ही बना पाए हों, लेकिन उन्होंने अपना नाम एक खास क्लब में शामिल करवा लिया। अपनी पारी में माही ने एक छक्का लगाया और वह आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ 50 या इससे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए। धोनी के आरसीबी के खिलाफ 50 छक्के हो गए हैं। इस लिस्ट में शीर्ष और दूसरे स्थान पर क्रिस गेल हैं। गेल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 61 छक्के और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 54 छक्के लगाए हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। रोहित ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 50 छक्के लगाए हैं।